Next Story
Newszop

मुंबई के सबसे अमीर गणपति मंडल GSB ने कराया 474 करोड़ का बीमा!

Send Push
image

मुंबई। माटुंगा के किंग्स सर्कल स्थित जीएसबी सेवा मंडल के गणपति को देश का सबसे अमीर गणपति माना जाता है। मंडल ने इस साल गणेशोत्सव के लिए 474.46 करोड़ रुपए का रिकॉर्ड बीमा कराया है। पिछले साल मंडल ने 400 करोड़ रुपए की पॉलिसी ली थी, जबकि साल 2023 में यह राशि 38 करोड़ रुपए से बढ़कर 100 करोड़ रुपए हो गई है। इस साल बीमा राशि में यह बढ़ोतरी मुख्य रूप से सोने-चांदी के आभूषणों के बढ़े हुए मूल्यांकन और स्वयंसेवकों व पुजारियों की बढ़ती भागीदारी के कारण हुई है। मंडल ने प्रीमियम की सही राशि का खुलासा किए बिना एक गैर-प्रकटीकरण समझौते का हवाला दिया है।
मंडल की बीमा पॉलिसी की सबसे खास बात सोना-चांदी और आभूषणों को कवर करने वाली सर्व-जोखिम बीमा पॉलिसी है, जिसकी कीमत 67 करोड़ रुपए है। 2024 में यह राशि 43 करोड़ रुपए थी, जबकि 2023 में यह 38 करोड़ रुपए थी। सोने-चांदी के बाजार भाव में आई उल्लेखनीय वृद्धि इसके लिए जिम्मेदार है। वर्तमान में 24 कैरेट सोने का भाव 1,02,000/- रुपए प्रति दस ग्राम है, जो 2024 में 77,000 रुपए था। इस वर्ष जीएसबी के बप्पा को 66 किलो सोने के आभूषणों और 336 किलो चांदी से सुसज्जित किया गया है, जिससे इस बीमा का महत्व और भी बढ़ गया है। मंडल को यह बीमा कवर न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी ने प्रदान किया है। इस पॉलिसी में ऑल रिस्क कवर, स्टैंडर्ड फायर और स्पेशल पेरिल पॉलिसी (भूकंप जोखिम के साथ), पब्लिक लायबिलिटी और सेवकों के लिए पर्सनल एक्सीडेंट बीमा कवर शामिल है।

पुजारियों और स्वयंसेवकों का भी दुर्घटना बीमा
बीमा राशि का सबसे बड़ा हिस्सा 375 करोड़ रुपए का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा है। इसमें स्वयंसेवक, पुजारी, रसोइया, सेवक और सुरक्षा गार्ड शामिल हैं। गणेशोत्सव के दौरान मंडल की सेवा में हर साल सैकड़ों लोग कार्यरत होते हैं। यह पॉलिसी उनकी सुरक्षा और जोखिम प्रबंधन के लिए प्रदान की गई है। मंडल के अध्यक्ष अमित पई ने बताया कि पुजारियों और स्वयंसेवकों को शामिल करना इस वृद्धि का एक प्रमुख कारण है। उन्होंने बताया कि जीएसबी सेवा मंडल का यह 71वां साल है।

बता दें कि दस दिनों तक चलने वाला महाराष्ट्र का सबसे बड़ा पर्व गणेशोत्सव इस वर्ष 27 अगस्त से शुरु शुरू हो रहा है। गणेशोत्सव के दौरान सिर्फ़ मुंबईकर, नहीं बल्कि दुनियाभर के भक्त इस विशाल उत्सव में शामिल होने के लिए बेसब्री से इंतज़ार करते हैं।

Loving Newspoint? Download the app now