Next Story
Newszop

Bihar: मुजफ्फरपुर की महिलाओं को मिला पिंक बस का तोहफा, सोमवार से तीन रूटों पर शुरू होगा परिचालन

Send Push
मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर जिले की महिलाओं के लिए एक खुशखबरी है! बिहार राज्य पथ परिवहन निगम द्वारा मुजफ्फरपुर को आवंटित चार पिंक बसों में से तीन को परमिट मिल गया है, और अब ये बसें सोमवार से सड़कों पर उतरने को तैयार हैं। इन पिंक बसों के परिचालन से महिला यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा। शहर की महिलाएं अब आराम से इन बसों में अपनी यात्रा सुगम तरीके से कर सकेंगी। स्थानीय महिलाओं ने बिहार सरकार के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे एक अच्छी पहल बताया। इस मौके पर महिलाओं ने नीतीश सरकार की तारीफ की।





पिंक बसों का संचालन

शुरुआत में तीन अलग-अलग रूटों पर इन पिंक बसों का संचालन किया जाएगा। पहली बस मुजफ्फरपुर से शिवहर वाया पिपराही के रूट पर चलेगी, जबकि दूसरी बस मुजफ्फरपुर से केसरिया वाया साहेबगंज तक अपनी सेवा देगी। तीसरी पिंक बस मुजफ्फरपुर से चकिया तक महिला यात्रियों को सुरक्षित पहुंचाएगी। स्थानीय महिलाओं का कहना है कि उन्हें पहले अन्य बसों में धक्के खाते हुए सफर करना पड़ता था। अब ऐसा नहीं होगा। अब वे आराम से पिंक बस में अपने सफर को अंजाम दे सकेंगी।





महिलाओं की सुरक्षा

इन पिंक बसों में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है। प्रत्येक बस में महिला कंडक्टर की तैनाती की गई है, जिससे यात्रा के दौरान महिला यात्रियों को सहज और सुरक्षित वातावरण मिल सके। यह पहल महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उम्मीद है कि इस सेवा से खासकर छात्राओं, कामकाजी महिलाओं और दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाली महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी। सरकार की इस पहल से महिला संगठनों में भी खुशी है। कई समाजसेवियों ने इस फैसले का स्वागत किया है।

Loving Newspoint? Download the app now