Next Story
Newszop

मप्र में केंद्रीय मंत्री गडकरी आज प्रवास पर , देंगे जबलपुर को प्रदेश का सबसे बड़ा और अत्याधुनिक फ्लाईओवर की सौगात

Send Push

जबलपुर, 23 अगस्त (Udaipur Kiran) । मध्यप्रदेश की संस्‍कारधानी जबलपुर आज शनिवार को एक नई पहचान पाने जा रही है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी इस दिन प्रदेश के अब तक के सबसे बड़े और अत्याधुनिक फ्लाईओवर का लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव उनके साथ मौजूद रहेंगे।

1052 करोड़ की परियोजना, 6.855 किमी लंबा कॉरिडोर

इस संबंध में प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने जानकारी दी कि लगभग 1052 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 6.855 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा फ्लाईओवर है। यह परियोजना आधुनिक इंजीनियरिंग और तकनीकी उत्कृष्टता का प्रतीक है। इस फ्लाईओवर की सबसे बड़ी खासियत रेल मार्ग के ऊपर बना 192 मीटर लंबा सिंगल स्पान केबल स्टे ब्रिज है, जो तकनीकी दृष्टि से एक अद्वितीय उपलब्धि है। इसके अलावा परियोजना में तीन बो-स्ट्रिंग ब्रिज भी शामिल हैं, दो रानीताल क्षेत्र में और एक बलदेवबाग क्षेत्र में। ये सभी पुल पूरी तरह स्टील से निर्मित हैं और प्रत्येक की लंबाई लगभग 70 मीटर है। उन्‍होंने कहा कि यह फ्लाईओवर न केवल जबलपुर बल्कि पूरे मध्यप्रदेश के लिए यातायात की दृष्टि से एक ऐतिहासिक बदलाव साबित होगा।

उल्‍लेखनीय है कि जबलपुर के यातायात जहां पहले मदनमहल से दमोह नाका तक पहुँचने में 40–45 मिनट का समय लगता था, वहीं फ्लाईओवर शुरू होने के बाद यह दूरी सिर्फ 6–8 मिनट में तय की जा सकेगी। इससे न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि समय और ईंधन दोनों की बचत होगी। दूसरी ओर फ्लाईओवर से शहर में प्रदूषण का स्तर भी घटेगा और जाम की समस्या से राहत मिलेगी। व्यापारिक गतिविधियों के लिए यह फ्लाईओवर नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा। यातायात सुगम होने से कारोबारियों को फायदा होगा।

हिस/ विलोक पाठक

—————

(Udaipur Kiran) / डॉ. मयंक चतुर्वेदी

Loving Newspoint? Download the app now