विशाखापत्तनम (आंध्र प्रदेश), 21 जून (Udaipur Kiran) । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज यहां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित राष्ट्रीय समारोह में दुनिया के समस्त लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज 11वीं बार पूरा विश्व एक साथ योग कर रहा है। योग का सीधा अर्थ होता है जुड़ना। यह देखना सुखद है कि कैसे योग ने पूरे विश्व को जोड़ा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, मुझे गर्व होता है जब मैं देखता हूं कि हमारे दिव्यांग साथी योगशास्त्र पढ़ते हैं। वैज्ञानिक अंतरिक्ष में योग करते हैं। गांव-गांव में युवा साथी योग ओलंपियाड में भाग लेते हैं। उन्होंने कहा विशाखापत्तनम शहर प्रकृति और प्रगति दोनों की संगम स्थली है। योगांद्रा अभियान से दो करोड़ से ज्यादा लोग जुड़े हैं। लोगों की भागीदारी की यही भावना विकसित भारत का मुख्य आधार है।
उन्होंने कहा, विश्व में योग के प्रसार के लिए भारत योगविज्ञान को आधुनिक रिसर्च से और अधिक सशक्त कर रहा है। देश के बड़े मेडिकल संस्थान योग पर रिसर्च में जुटे हैं। योग की वैज्ञानिकता को आधुनिक चिकित्सा पद्धति में स्थान मिले ये हमारा प्रयास है। प्रधानमंत्री मोदी इस समय विशाखापत्तनम से राष्ट्रीय कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे हैं।
इस वर्ष की थीम एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग है। यह वैश्विक स्वास्थ्य के भारत के दृष्टिकोण को प्रतिध्वनित करता है और कल्याण के एकीकृत दृष्टिकोण को दर्शाता है। यह सर्वे संतु निरामया (सभी रोग मुक्त हों) के भारतीय लोकाचार से प्रेरित होकर मानव और ग्रह स्वास्थ्य के परस्पर संबंध पर जोर देता है। प्रधानमंत्री मोदी कल शाम विशाखापत्तनम पहुंचे। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने उनका स्वागत किया।
आयुष मंत्रालय ने उम्मीद जताई है कि प्रधानमंत्री मोदी विशाखापत्तनम में तीन लाख से अधिक प्रतिभागियों के साथ कॉमन योग प्रोटोकॉल का प्रदर्शन करेंगे। यह ‘योग संगम’ पहल के तहत देश भर में 10 लाख से अधिक स्थानों के साथ समन्वयित है। सामूहिक प्रदर्शन सुबह 6:30 से शुरू हो चुका है। यह पूर्वाह्न 7:45 बजे तक चलेगा। वैश्विक कल्याण के दृष्टिकोण के इस विशाल आयोजन में प्रधानमंत्री के साथ केंद्रीय आयुष राज्यमंत्री, स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्यमंत्री प्रतापराव जाधव और मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू भी हैं।
अभूतपूर्व रूप से आयोजित इस योग शिविर में राज्य भर में एक लाख से अधिक स्थानों पर दो करोड़ से अधिक लोगों के हिस्सा लेने की उम्मीद है। इस अवसर पर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के प्रयास का समन्वय आंध्र प्रदेश सरकार भी कर रही है। इसके अतिरिक्त, आंध्र प्रदेश सरकार पंजीकृत प्रतिभागियों को 50 लाख से अधिक योग प्रमाणपत्र प्रदान करेगी। आंध्र विश्वविद्यालय में सूर्य नमस्कार कार्यक्रम आयोजित किया गया। लगभग 25,000 आदिवासी बच्चों ने 108 मिनट में 108 सूर्य नमस्कार किए।
—————
(Udaipur Kiran) / मुकुंद
You may also like
सिरसा: योग स्वस्थ जीवन जीने की पद्धति: डीसी शांतनु शर्मा
जींद : सीआरएसयू में हुआ जिला स्तरीय योग कार्यक्रम
जींद के योग साधकों को लेकर कुरुक्षेत्र गई 80 बसें
दो युवक झज्जर जिले में जेएलएन नहर में डूबे, तलाश जारी
Weather update : उत्तरी भारत में गर्मी का कहर जारी, पर कुछ राज्यों को जल्द मिलेगी राहत जानें कहां-कब होगी बारिश?